मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, कार्यक्रम के बाद रिहा


प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री के जनपद आगमन के दौरान जनहित के विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन देने जा रहे समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडे तथा समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव एवं सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद को पुलिस ने जीआईसी गेट के पास रोककर हिरासत में ले लिया। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों नेताओं को रिहा कर दिया गया।
सपा नेताओं का दावा है कि जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडे के आवास पर पहले से पुलिस बल तैनात कर दिया गया था ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बावजूद वह जीआईसी परिसर तक पहुंच गए, जहां पुलिस ने उन्हें वकार अहमद के साथ हिरासत में ले लिया।
सपा नेताओं के अनुसार, उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री को जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपना था। प्रस्तावित ज्ञापन में जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार, एक्स-रे प्लेट और सीटी स्कैन रिपोर्ट की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, महिला अस्पताल के सफाई कर्मचारियों के लंबित वेतन, मेडिकल कॉलेज में कथित प्रशासनिक अनियमितताओं, आरटीओ कार्यालय की वीएलटीडी व्यवस्था एवं राष्ट्रीय परमिट संबंधी समस्याओं, मां बेल्हा देवी कॉरिडोर निर्माण में तेजी लाने, नगर की जल निकासी व्यवस्था में सुधार तथा जनपद में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच की मांग शामिल थी।
दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने और ज्ञापन सौंपने से पहले ही हिरासत में ले लिया गया। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया।



