Awam Ki Khabar

Your Daily Dose of News

News

सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान


गुड्स सेमेरिटन को प्रोत्साहित करने के निर्देश, तेज रफ्तार व बिना हेलमेट के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान


प्रतापगढ़, 26 सितंबर। जिले में सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। कैम्प कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अयोध्या मार्ग स्थित छिड़ा बार्डर धरौली के अर्धनिर्मित टोल प्लाजा का मुद्दा भी उठा। सीडीओ ने दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के लिए जिलाधिकारी की ओर से शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित कार्यदायी संस्था को जिले के प्रमुख हाईवे का सर्वे कराने और दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां जरूरी सुरक्षा इंतजाम कराने को कहा गया।
सीडीओ ने नगर पालिका परिषद बेल्हा के अधिशासी अधिकारी को अम्बेडकर चौराहा से मेडिकल कॉलेज रोड तक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न होने दिया जाए, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।
हादसे में मदद करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
बैठक में गुड्स सेमेरिटन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि को निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटना की सूचना तत्काल फोन के माध्यम से देने वाले व्यक्ति को भी नियमानुसार गुड्स सेमेरिटन के रूप में प्रोत्साहित किया जाए। ऐसे लोगों को प्रत्येक माह सम्मानित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं और उसे जल्द से जल्द उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
तेज रफ्तार और बिना हेलमेट पर सख्ती
सीडीओ ने तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग के खिलाफ एक माह का विशेष अभियान चलाकर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में एआरटीओ ए.के. शुक्ला, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड ओ.पी. चौरसिया, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष विजय सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *