Awam Ki Khabar

Your Daily Dose of News

News

सेवा संकल्प अभियानः 3.5 लाख दीयो की रोशनी से जगमगाया राष्ट्र प्रेरणा स्थल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की गरिमामयी उपस्थिति में 10 हजार प्रतिभागियों ने प्रज्वलित किये ‘आर्शीवाद के दीये’

  • 59 सेक्टर में 5 हजार मीटर लंबी दीप श्रृंखला बनायी गयी, एलडीए एवं प्रेरणा स्थल के लोगो व राम मंदिर की आकृति ने मोहा मन लखनऊ, 17 सितम्बर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 76वें जन्मदिवस पर गुरूवार को शुरू हुये सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल 3.5 लाख दीयो की रोशनी से जगमगा उठा। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने 65 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में ‘आर्शीवाद के दीये’ प्रज्वलित किये। कार्यक्रम में सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद श्री बृजलाल, विधायक डॉ0 नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य श्री अवनीश कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम राष्ट्र प्रेरणा स्थल में स्थापित डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 65 फिट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाओं एवं भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद मुख्य मंच पर आर्शीवाद का दीया आलोकित करके प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।

10 हजार प्रतिभागियों ने प्रज्वलित किये दीये
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में लखनऊ समेत आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों सहित लगभग 10 हजार प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, जयपुरिया कॉलेज, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के छात्र-छात्राओं एवं वॉलंटियर्स ने कार्यक्रम में भाग लिया। मा0 मुख्यमंत्री जी ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

11 घंटे की मेहनत से साकार हुई दीपों की भव्य सजावट
उपाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल को 59 सेक्टर में बांटा गया। प्रत्येक सेक्टर में नोडल अधिकारी की देखरेख में कर्मचारियों व प्रतिभागियों ने पाथ-वे एवं हैलीपैड समेत विभिन्न क्लस्टर्स में दीप श्रृंखला बनाने का कार्य किया। उन्होंने बताया कि लगभग 11 घंटे की मेहनत से 5,000 मीटर लंबी दीप श्रंृखला बनायी गयी। वहीं, मुख्य मंच के पास 19 हजार दीयो की साज-सज्जा से एलडीए एवं राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोगो तथा राम मंदिर की आकर्षक आकृति बनायी गयी। दीपों से साकार की गई इन भव्य आकृतियों और जगमगाते पूरे परिसर ने कार्यक्रम को विशिष्ट एवं भावपूर्ण स्वरूप प्रदान किया।

विकास की संकल्पना से जुड़ा ‘आशीर्वाद का दीया’
कार्यक्रम के माध्यम से लखनऊ के समग्र एवं नियोजित विकास, बेहतर कनेक्टिविटी, किफायती आवास, हरित क्षेत्रों के विस्तार, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा आधुनिक शहरी सुविधाओं के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया गया। इस अवसर पर लखनऊ को आधुनिक, सुव्यवस्थित, हरित एवं सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों को जनमानस के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल – राष्ट्र निर्माण के मूल्यों का प्रेरणाकेंद्र
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा राष्ट्र प्रेरणा स्थल के विकास की यात्रा रही। लगभग 65 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित इस भव्य परिसर में डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 65-65 फुट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं स्थापित हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल में निर्मित संग्रहालय एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं देश के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्र निर्माण के मूल्यों एवं महापुरुषों के विचारों से भावी पीढ़ी को परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। यह परिसर राष्ट्र सेवा, सुशासन, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देने वाले एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, समर्पण, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त अभिव्यक्ति दी। 3.5 लाख दीपों से जगमगाता राष्ट्र प्रेरणा स्थल न केवल लखनऊ की भव्यता का साक्षी बना, बल्कि इस अवसर पर उपस्थित हजारों प्रतिभागियों के माध्यम से सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प का संदेश भी जन-जन तक पहुंचा। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित यह आयोजन राष्ट्र प्रेरणा स्थल की भव्यता, भारतीय संस्कृति की दीप परंपरा और राष्ट्र सेवा के संकल्प का अद्भुत संगम बनकर सामने आया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *