
प्रतापगढ़।
पट्टी विधानसभा क्षेत्र के सैफाबाद पावर हाउस से जुड़े कई गांवों में बिजली व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। वर्षों पुराने जर्जर तार, जगह-जगह लगाए गए पैच और बिजली के खंभों व लाइनों पर फैली बेलों के कारण हल्की हवा और बारिश में भी घंटों बिजली गुल हो जाती है। इससे हजारों उपभोक्ता रोजाना परेशान हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग स्थायी समाधान करने के बजाय बार-बार टूटे तारों को जोड़कर काम चला रहा है। कई स्थानों पर बिजली कर्मचारी बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के खंभों पर चढ़कर मरम्मत करते दिखाई देते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली लाइनों की नियमित सफाई नहीं होती। खंभों और तारों पर पेड़ों की शाखाएं तथा बेलें लिपटी हुई हैं, जिससे फॉल्ट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई बार मामूली हवा चलने पर भी बिजली आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रहती है।
क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जर्जर तारों को तत्काल बदला जाए, बिजली लाइनों से पेड़ों और बेलों की कटाई कराई जाए तथा मरम्मत कार्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
आवाम की मांग:
“जोड़-तोड़ की व्यवस्था बंद हो, नई लाइनें बिछें और क्षेत्र को निर्बाध व सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।”









