Awam Ki Khabar

Your Daily Dose of News

News

व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराएगा प्रशासनभंगवा चुंगी-चिलबिला मार्ग की बदहाली का मुद्दा उठा, डीएम ने जल्द दुरुस्तीकरण का दिया भरोसा


प्रतापगढ़। उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने सड़क, प्रकाश व्यवस्था समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में समिति के सदस्य रोशन लाल उमरवैश्य ने भंगवा चुंगी से चिलबिला तक सड़क की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे नाले का निर्माण नहीं होने के कारण जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रोशन लाल उमरवैश्य ने कहा कि आगामी नवरात्रि, दशहरा और ऐतिहासिक भरत मिलाप जैसे आयोजनों के दौरान इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। ऐसे में पर्वों से पहले सड़क की मरम्मत कराया जाना जरूरी है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सड़क को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में व्यापारियों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगवाने की मांग भी रखी। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थानों पर इसकी आवश्यकता है, उन्हें चिन्हित कर क्रिटिकल गैप के माध्यम से हाईमास्ट लाइट लगवाई जाएगी। इससे प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी।
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में सामने आए प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, उपायुक्त उद्योग एसएस रावत, समिति के सदस्य मो. अनाम, रोशन लाल उमरवैश्य, अनुराग खण्डेलवाल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *