मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण-शिलान्यास, लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र व चेक
प्रतापगढ़, 7 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रतापगढ़ दौरे के दौरान जनपद को 384.71 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर 55 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 56 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, आयुष्मान कार्ड, सिलाई मशीन, आवास की चाबियां और अन्य लाभ भी वितरित किए।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ अपनी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के साथ-साथ आंवला उत्पादन के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि यहां के किसानों ने आंवले को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है और जिले को “आंवला नगरी” के रूप में गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में बाबू गुलाब सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ का देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने स्वामी करपात्री जी महाराज, कृपालु जी महाराज, मां बेल्हा देवी धाम, मां चंद्रिका देवी धाम, भयहरणनाथ धाम और घुसमेश्वरनाथ धाम का उल्लेख करते हुए जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीब, किसान, महिला और युवाओं तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे को जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे प्रयागराज और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दूरी कम हुई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, आयुष्मान कार्ड, सिलाई मशीन, कृषि उपकरणों की चाबियां और आवास की चाबियां वितरित कर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य, विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, विधायक जीतलाल पटेल, शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Awam Ki Khabar
Your Daily Dose of News

