
त्वरित जनसुनवाई और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश

प्रतापगढ़, 26 सितंबर। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ आमजन को त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नवनिर्मित थाना कोहंडौर का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने विधिवत उद्घाटन कर नए थाना परिसर से पुलिस कार्यों का संचालन शुरू कराया।
उद्घाटन के बाद डीएम और एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष, मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने थाना पुलिस को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। फरियादियों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि आमजन के लिए थाना परिसर में सुविधाजनक और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
नए थाना भवन के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस सेवाओं की उपलब्धता और जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर शिकायतों के निस्तारण, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की कार्रवाई को भी बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी कोहंडौर सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।