पुलिस हिरासत में युवक की मौत: पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सांसद को रोकासांसद एसपी सिंह पटेल बोले- निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले


प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर निवासी युवक की पुलिस हिरासत में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। प्रतापगढ़ के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि वह पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करने और उनकी समस्याएं जानने के लिए जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके आवास से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी।
सांसद ने कहा कि अवसर मिलने पर वह पीड़ित परिवार से जरूर मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने पुलिस हिरासत में हुई युवक की मौत को गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की।
मीडिया से बातचीत में सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए और शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों से भी वार्ता की गई है।
सांसद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि संकट और दुख की घड़ी में वह जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनें। उन्होंने कहा कि किसी पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जनप्रतिनिधि को रोका जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज से सवाल खड़े करता है। चुने हुए प्रतिनिधियों को जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनने का अवसर मिलना चाहिए।
गौरतलब है कि पट्टी कोतवाली में युवक की मौत के बाद से मामला लगातार चर्चा में है। निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है। मामले में थाना प्रभारी और विवेचक को निलंबित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडे, सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद, बीएल वर्मा, जितेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

