

प्रयागराज। जरूरतमंद और वंचित बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ठाणे की सामाजिक संस्था गारद फाउंडेशन की ओर से प्रयागराज में स्टेशनरी वितरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत करीब 400 बच्चों को पढ़ाई में उपयोग होने वाली आवश्यक शैक्षणिक सामग्री की किट वितरित की गई। स्टेशनरी किट पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। संस्था की ओर से बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल समेत अन्य उपयोगी स्टेशनरी सामग्री उपलब्ध कराई गई। आयोजकों ने कहा कि कई जरूरतमंद परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में शिक्षा सामग्री का सहयोग बच्चों की पढ़ाई को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान के दौरान बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बनें, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर आशीष सिंह ने गारद फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के सहयोग से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग समाज और देश के भविष्य को मजबूत करने में योगदान देता है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गारद फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहें।

