



प्रतापगढ़। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के जिला अध्यक्ष नइयर कदीर के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए बूथ एवं विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां बढ़ाने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने पर विचार-विमर्श किया। कार्यकर्ताओं से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने और पार्टी के कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
जिला अध्यक्ष नइयर कदीर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों और समस्याओं को समझना होगा। संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि AIMIM कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मेहनत करने की जरूरत है। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने में पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटने की अपील की।
महासचिव अब्दुल्ला अंसारी ने कहा कि “मिशन 2027 केवल चुनाव की तैयारी नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाने का अभियान है। हम चाहते हैं कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय रहे और लोगों की समस्याओं को उठाने का काम करे। आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।”
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने तथा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर पूर्वांचल सचिव तबरेज भाई, पूर्वांचल संयुक्त सचिव हुसैन भाई, जिला मुख्य महासचिव इंजीनियर अब्दुल्लाह अंसारी, जिला महासचिव शफीक भाई, जिला सचिव उमर राईन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तौफीक अंसारी, मुकीम भाई सीटी और अनस भाई सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
