साइबर सेल प्रतापगढ़ की बड़ी सफलता: 23 पीड़ितों को लौटाए गए ₹11.31 लाख से अधिक, साइबर ठगी से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी

प्रतापगढ़। जनपदीय साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना प्रतापगढ़ ने साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत देते हुए 23 शिकायतों में कुल ₹11,31,495.45 की धनराशि उनके खातों में वापस कराई है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन तथा साइबर नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) एवं सहायक नोडल अधिकारी/क्षेत्राधिकारी रानीगंज के पर्यवेक्षण में एनसीआरपी पोर्टल और प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस दिलाने में सफलता हासिल की। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार वापस कराई गई राशि यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड समेत विभिन्न साइबर ठगी के मामलों से संबंधित है।
इस अवसर पर प्रतापगढ़ पुलिस ने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि फर्जी कस्टमर केयर नंबरों से बचें, अनजान व्यक्ति के कहने पर रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें।
पुलिस ने यह भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।
प्रतापगढ़ पुलिस का संदेश: “OTP, PIN और Password किसी से साझा न करें। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।”

