


प्रतापगढ़। रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के भूपियामऊ के पास दर्दनाक हादसा हो गया। मायके में भाई को राखी बांधने जा रही महिला और उसके पति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान रानीगंज अजगरा निवासी रामकृष्ण यादव (45) और उनकी पत्नी इंद्रावती यादव (43) के रूप में हुई है। बताया गया कि रामकृष्ण अपनी पत्नी को बाइक से धारूपुर स्थित उसके मायके ले जा रहे थे। इंद्रावती को अपने भाई संजय यादव की कलाई पर राखी बांधनी थी।
भूपियामऊ के पास ओवरब्रिज के नीचे दंपती बाइक से रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान मनवर-संगम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेन बाइक समेत दंपती को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। हादसे के बाद ट्रेन करीब 20 मिनट तक मौके पर रुकी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही इंद्रावती के भाई संजय यादव, दामाद शिव बहादुर यादव समेत परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया।
रामकृष्ण के परिवार में दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी की शादी तय हो चुकी थी। रक्षाबंधन के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। भाई की कलाई पर राखी बांधने निकली इंद्रावती और उसके पति की मौत से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
