
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रतापगढ़ के महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतापगढ़ जनपद के संगठनात्मक कार्यों, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान अब्दुल कादिर जिलानी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रतापगढ़ में चल रहे राजनीतिक माहौल और जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
अब्दुल कादिर जिलानी ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात हमेशा नई ऊर्जा और दिशा देने वाली होती है। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रतापगढ़ में संगठन को और मजबूत करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच मौजूद है और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष से हुई मुलाकात से कार्यकर्ताओं में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
मुलाकात को लेकर जिलानी ने इसे सकारात्मक, प्रेरणादायी और संगठन के लिए नई दिशा देने वाली बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश और मार्गदर्शन के अनुसार प्रतापगढ़ में संगठन को और मजबूत करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
