Awam Ki Khabar

Your Daily Dose of News

News

मिठाई की दुकानों और ढाबों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, छह नमूने जांच को भेजे

प्रतापगढ़ में बड़ी कार्यवाही


प्रतापगढ़, 24 अगस्त। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाकर रेस्टोरेंट, ढाबों और मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के छह नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 अभय कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने रानीगंज स्थित तिवारी ढाबा का निरीक्षण कर पकी हुई दाल और सरसों के तेल के नमूने लिए। इसके बाद देव भोग स्वीट्स का निरीक्षण किया गया।
टीम ने पावर हाउस रानीगंज स्थित मिठा महल से खोया तथा पृथ्वीगंज स्थित मनीराम स्वीट्स से खोया का नमूना लिया। वहीं जिला अस्पताल चौराहा स्थित सागर जलपान गृह से खोया बर्फी और खोया के नमूने संग्रहित किए गए। इस तरह कुल छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों में गुणवत्ता संबंधी खामी या मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी अभियान में रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, डॉ. यादव संजय कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी और डॉ. शमशुन नेहा सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *