Awam Ki Khabar

Your Daily Dose of News

News

प्रतापगढ़: जिले के लाल शाहनवाज खान ने रचा इतिहास, वर्ल्ड U20 में जीता कांस्य पदक


प्रतापगढ़। जिले के लाल शाहनवाज खान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतापगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। अमेरिका के ओरेगन स्थित यूजीन में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
शाहनवाज खान ने क्वालीफिकेशन राउंड में 7.73 मीटर की छलांग लगाकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल मुकाबले में उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए 7.84 मीटर की छलांग लगाई और कांस्य पदक अपने नाम किया।
शाहनवाज की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि वह वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप में पुरुष लॉन्ग जंप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से देशभर में खुशी की लहर है।
शाहनवाज खान प्रतापगढ़ जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के लोहंगपुर सराय मधई के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर विश्व मंच तक पहुंचे शाहनवाज की यह कामयाबी जिले के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है।
शाहनवाज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद प्रतापगढ़ में उनके परिवार, गांव और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया से लेकर खेल जगत तक शाहनवाज के शानदार प्रदर्शन की चर्चा हो रही है।
प्रतापगढ़ के इस लाल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर गांव की गलियों से निकलकर विश्व पटल पर भी तिरंगा लहराया जा सकता है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *