



लापरवाही पर लेखपाल निलंबित, पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की सहायता का आश्वासन
प्रतापगढ़। तहसील सदर क्षेत्र के सराय बहेलिया गांव के हनुमान का पुरवा में सोमवार देर रात बारिश के दौरान जर्जर कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक गिरने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बच्ची देवांशी को बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार रामबाबू (45) अपनी पत्नी कुसुम और दो बच्चों देवांशी व दिव्यांशु के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे लगातार बारिश के चलते घर के पीछे स्थित कच्ची मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से रामबाबू के पक्के मकान की पिछली बाउंड्री भी ढह गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य करते हुए परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार का हाल जाना। उन्होंने परिवार को आपदा राहत के तहत एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
घटना की सूचना समय से प्रशासन तक न पहुंचने और कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए। मौके पर उप जिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।


