
प्रतापगढ़। यूजीसी बिल के समर्थन में बुधवार को कुंडा तहसील क्षेत्र में बहुजन युवा एकता मंच के नेतृत्व में एससी, एसटी एवं ओबीसी समाज के सैकड़ों लोगों ने जोरदार रैली निकालकर अपनी मांग बुलंद की। रैली के समापन पर प्रदर्शनकारियों ने तहसील पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
रैली का नेतृत्व मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुड्डन राज पासी ने किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह से ही कुंडा बस अड्डा परिसर में लोगों का जुटान शुरू हो गया, जो धीरे-धीरे विशाल जनसमूह में बदल गया। वक्ताओं ने यूजीसी बिल को शिक्षा व्यवस्था में सुधार, सामाजिक न्याय और युवाओं के अधिकारों की रक्षा से जुड़ा अहम कदम बताते हुए इसे शीघ्र लागू करने की मांग की।
कार्यक्रम की सूचना पहले से होने के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उपजिलाधिकारी वाचस्पति सिंह, क्षेत्राधिकारी अमरनाथ गुप्ता तथा थाना प्रभारी मनोज पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अधिकारियों ने रैली न निकालने की सलाह दी, लेकिन प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपने तय मार्ग पर रैली निकालने पर अडिग रहे।
रैली बस अड्डा से प्रारंभ होकर खैराती रोड, मेन चौराहा, सरयू नगर व भगवन तिराहा होते हुए तहसील गेट पहुंची। पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही तथा यातायात को नियंत्रित किया गया।
तहसील पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए यूजीसी बिल को अविलंब लागू करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि जो जनप्रतिनिधि इस बिल का विरोध कर रहे हैं, जनता आगामी चुनाव में उनका बहिष्कार करेगी। वहीं, एससी, एसटी और ओबीसी समाज से जुड़े वे प्रतिनिधि जो इस मुद्दे पर मौन हैं, उन्हें भी जवाब देने के लिए तैयार रहना होगा।
इस मौके पर सुभाष चंद्र यादव, गुलाब यादव, प्रमोदराज पासी, रंजीत कुमार सरोज, प्रमोद गौतम, दिलीप कुमार सरोज, भागीरथी यादव, बाल मुकुंद सरोज, नितेश कुमार उर्फ दादा भाई, एडवोकेट कैलाश, सुरेश कुमार यादव, वीरू पासी, रितेश अनमोल, राम प्रताप सरोज तथा बीडीसी दीपक यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
