




प्रतापगढ़। होली के पावन पर्व के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में जनपद के राजपत्रित अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी व जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान पूरे परिसर में सौहार्द, भाईचारे और समरसता का वातावरण देखने को मिला।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को रंग-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान सभी के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर डीएम और एसपी ने जनपदवासियों से होली का त्योहार शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और पारस्परिक सद्भाव के माहौल में संपन्न हुआ।
