
प्रतापगढ़। थाना मान्धाता क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां सौतेली मां ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए मासूम बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त नियाजउद्दीन एवं उसकी दूसरी पत्नी साबिया बानो उर्फ शेबी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में थाना मान्धाता पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
ऐसे रची गई हत्या की साजिश —
दिनांक 26 फरवरी 2026 को दहिलामऊ निवासी महिला ने थाना मान्धाता में तहरीर देकर बताया कि लगभग 10–12 दिन पहले अभियुक्त नियाजउद्दीन उनकी पुत्री आयशा को दादा-दादी से मिलवाने के बहाने अपने साथ परसरामपुर ले गया था। इसके कुछ समय बाद परिजनों को सूचना दी गई कि बच्ची की मौत हो गई है।
सूचना मिलते ही मां बदहवास हालत में मौके पर पहुंची, जहां उसने देखा कि उसकी मासूम पुत्री का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसने हत्या की आशंका जताई और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
पूछताछ में खुला खौफनाक सच —
पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ में अभियुक्ता साबिया बानो उर्फ शेबी ने कबूल किया कि उसने गुस्से में आकर बच्ची के दुपट्टे से उसका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे बच्ची की सांस रुक गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को छत पर लिटाकर घटना को छिपाने का प्रयास किया और सामान्य दिनचर्या में लग गई, ताकि किसी को शक न हो।
गिरफ्तारी और बरामदगी —
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने परसरामपुर स्थित मदरसे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त —
नियाजउद्दीन पुत्र निजामउद्दीन, निवासी परसरामपुर शोभीपुर, थाना मान्धाता, उम्र 33 वर्ष।
साबिया बानो उर्फ शेबी पत्नी नियाजउद्दीन, निवासी परसरामपुर शोभीपुर, थाना मान्धाता, उम्र 26 वर्ष।
पुलिस टीम —
थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रभात वर्मा, उपनिरीक्षक अनूप यादव, महिला कांस्टेबल प्रीती मिश्रा, कांस्टेबल आनंद यादव, कांस्टेबल हरिपाल, चालक हेड कांस्टेबल रतन लाल त्रिपाठी सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

